शिमला, 09 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मुख्य सचिव संजय गुप्ता द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से अगले आदेशों तक लागू रहेगा।

अधिसूचना के मुताबिक वर्ष 2002 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. अभिषेक जैन, जो वर्तमान में नई दिल्ली में हिमाचल सरकार के सलाहकार (नियामक सुधार) और शिमला में वित्त, योजना, अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी, 20 सूत्रीय कार्यक्रम तथा जेएसवी विभाग के सचिव के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अब तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

इसी तरह वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप कुमार, जो वर्तमान में धर्मशाला स्थित कांगड़ा मंडल के सेटलमेंट अधिकारी के पद पर तैनात हैं, उन्हें कांगड़ा मंडल के मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। वे अपने मौजूदा दायित्वों के साथ यह जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
सरकार ने आदेश में कहा है कि यह निर्णय सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और आगे के आदेश जारी होने तक संबंधित अधिकारी अपने-अपने अतिरिक्त पदों की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
