सुलतानपुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में महात्रिशूल सनातन हिंदू एकता यात्रा सोमवार पहुंची। यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म को संगठित करना और हिंदू एकता का संदेश देना है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से 2 फरवरी को शुरू हुई यह यात्रा 10 फरवरी को अयोध्या स्थित श्री विघ्नेश्वर नाथ महादेव धाम पहुंचेगी।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे अमित योगी विघ्नेश्वर नाथ ने बताया कि यह यात्रा सनातनियों को एकजुट करने के लिए निकाली गई है। उन्हाेंने त्रिशूल के महत्व पर प्रकाश डाला। बताया कि यह 60 फीट ऊंचा और 11 फीट चौड़ा, 800 किलोग्राम वजन का त्रिशूल है और यह पूरी तरह से स्टील धातु से निर्मित भारत का पहला विशाल प्रतीक है, जिसे अयोध्या में स्थापित किया जाएगा। यात्रा का व्यापक उद्देश्य समाज में आत्मबल, संबल और धर्म की रक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना है। यह यात्रा का सातवां दिन है, जो 10 फरवरी को अयोध्या में संपन्न होगी।
अमित योगी का मानना है कि प्रत्येक सनातनी के घर में ‘शास्त्र’ के साथ-साथ ‘शस्त्र’ का प्रतीक भी होना चाहिए ताकि समाज और परिवार की रक्षा हो सके।यात्रा भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष रीना जायसवाल, स्थानीय हिंदू संगठनों, श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकाें ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान ‘जय श्री राम’ के उद्घोष गूंजते रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
