पलवल, 09 फरवरी (हि.स.)। पलवल में एक 15 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश की गई। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार छात्रा घर से ट्यूशन के लिए निकली थी। रास्ते में कुलदीप नामक युवक काले रंग की स्कूटी पर आया और छात्रा को जबरन खींचकर स्कूटी पर बैठाने का प्रयास करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपित जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।परिजनों ने बताया कि आरोपित पिछले कई दिनों से छात्रा का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। घटना के बाद छात्रा घर लौटी और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर शहर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

—————

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
