रेवाड़ी, 09 फरवरी (हि.स.)। रेवाड़ी में मामा-भांजे के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर हुए झगड़े में मामा की मौत हो गई। आरोप है कि भांजे ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने सगे मामा की बेरहमी से पिटाई की, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रोहित ने गांव बव्वा निवासी अपने मामा परशुराम के खाते में कुछ पैसे डाले थे, जिन्हें बाद में लेने की बात कही थी। ये पैसे परशुराम से खर्च हो गए, जिसे लौटाने के लिए रोहित लगातार दबाव बना रहा था। रविवार को रोहित एक शादी में शामिल होने के लिए परिवार और दोस्तों के साथ बव्वा गांव आया हुआ था। शादी में शामिल होने के बाद शाम को रोहित अपने मामा के घर पहुंचा। इसी दौरान पैसों को लेकर दोनों में विवाद मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान परशुराम को सिर में चोट लगने से वह घायल हो गया। परशुराम को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को एसएचओ कोसली मनोज ने बताया कि कंट्रोल रूम से उन्हें सुबह पांच बजे सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि मामा-भांजे के बीच पैसे के लेनदेन में हुए झगड़े में चोट लगने से मामा की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
