जोधपुर, 09 फरवरी (हि.स.)। शहर के दो कारोबारियों को लारेंस के नाम पर दो करोड़ की रंगदारी के लिए धमकी मिली है। कारोबारियों ने पुलिस आयुक्त का इस बारे में बताया और अब चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में रिपोर्ट दी है। कॉलिंग के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल किया गया है। आरोपितों ने दो दिन में 2 करोड़ रंगदारी मांगी है अन्यथा अंजाम भुगतने को कहा है। फिलहाल पुलिस अब गहनता से इस बारे में अनुसंधान में जुटी है। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई आरजू बिश्नोई बताया और कहा-जीना चाहते हो तो दो दिन में पैसे तैयार रखो, दो दिन बाद फिर कॉल करूंगा।

बताया गया कि धमकी इतनी गंभीर थी कि दोनों कारोबारी घबरा गए और तुरंत पुलिस की शरण में पहुंचे। खतरे की आशंका को देखते हुए पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश के निर्देश पर दोनों व्यवसायियों दीपक और मनीष को सुरक्षा के लिए दो गनमैन उपलब्ध कराए गए हैं।

शास्त्री नगर के विजय नगर निवासी व्यवसायी दीपक और मनीष के मोबाइल पर 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे इंटरनेट कॉल (वीपीएन के जरिए) आए। कॉल करने वाले ने एक-एक कर दोनों से बात की और खुद को लॉरेंस बिश्नोई का भाई आरजू बिश्नोई बताया। कॉलर ने न सिर्फ 2 करोड़ की मांग रखी, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि पैसे नहीं मिले तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कॉल की लोकेशन और नेटवर्क खंगालने में जुटी है।
जोधपुर में रहे पुलिस तत्कालीन पुलिस आयुक्त अशोक राठौड़ ने लारेंस और उसकी गैंग से छुटकारा दिलाया था। आठ नौ साल पहले लारेंस के नाम का टेरर जोधपुर के कारोबारियों पर मंडराया था। उस वक्त सरदारपुरा सी रोड पर एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या भी हुई थी। निजी टे्रवल एजेंसी संचालक को कई बार जान की धमकियां मिल चुकीं है। किसी समय उसके घर के बाहर भी पुलिस का पहरा बिठाया गया था। एक बार फिर से लारेंस नाम की धमकीं से कारोबारियों में खौफ बनता दिख रहा है। फिलहाल जांच पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
