

खड़गपुर, 09 फरवरी (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर स्थित कलाईकुंडा इलाके में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-छह पर चल रही एक पिकअप वैन का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की पहचान शेख अल्लाह रखा (40) के रूप में हुई है, जो बनपुरा इलाके का निवासी बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेदिनीपुर सदर ब्लॉक के बनपुरा इलाके से करीब 22 लोग एक पिकअप वैन में सवार होकर झाड़ग्राम की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि सभी लोग मुर्गी हाट (बाजार) जा रहे थे। जैसे ही वाहन कलाईकुंडा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-छह पर पहुंचा, अचानक वैन का पिछला टायर फट गया। टायर फटते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और पिकअप वैन सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने खड़गपुर ग्रामीण थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल 12 लोगों का इलाज जारी है और फिलहाल सभी की हालत स्थिर बनी हुई है।
घटना पर खड़गपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक दिनेन राय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल लोगों और उनके परिजनों के साथ प्रशासन लगातार संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
