यमुनानगर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिले के गांव मानकपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली उस समय विवादों में आ गई, जब एक राशन डिपो पर एक साथ दो अलग-अलग पॉस मशीनों के उपयोग का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया और उन्होंने डिपो बंद कर दिया। ग्रामीणों ने इसे सुनियोजित अनियमितता करार देते हुए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पॉस मशीनों को अपने कब्जे में ले लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद पुलिस ने पूरे मामले से खाद्य आपूर्ति विभाग को अवगत कराया। एहतियातन डिपो को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है और वहां ताला लगा दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि डिपो पर नियमों को ताक पर रखकर राशन वितरण किया जा रहा है। बताया गया कि डिपो पर पाई गई दोनों पॉस मशीनें अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर पंजीकृत हैं, जबकि वितरण एक ही स्थान पर किया जा रहा था।

ग्रामीणों का कहना है कि जिनके नाम पर मशीनें दर्ज हैं, वे लंबे समय से मौके पर नजर नहीं आए और गांव के अधिकांश लोगों को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है। आरोप यह भी लगाए गए कि जिस व्यक्ति के नाम पर डिपो आवंटित है, वास्तविक वितरण कोई अन्य व्यक्ति कर रहा है। इसके अतिरिक्त, जो मशीनें डिपो पर मिली हैं, वे अन्य गांवों से संबंधित बताई जा रही हैं, जिससे पूरे वितरण तंत्र पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों ने दावा किया कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच होती, तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। शिकायतकर्ताओं ने मामले में विभागीय मिलीभगत की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलते ही कार्रवाई करते हुए डिपो को सील कर दिया गया है और दोनों पॉस मशीनें सुरक्षित रखी गई हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग की जांच रिपोर्ट और निर्देशों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
