नई दिल्ली, 09 फ़रवरी (हि.स.)। बाहरी जिले के मंगोलपुरी इलाके में सोमवार दोपहर सरकारी स्कूल के बाहर दसवीं कक्षा के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त 15 साल के सुधांशु उर्फ नोनू के रूप में हुई है। अज्ञात हमलावर ने स्कूल से निकलते ही छात्र के सिर पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके सिर में फंस गया। लोगों ने घायल छात्र को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आपसी रंजिश की आशंका जता रही है।

पुलिस के मुताबिक सुधांशु परिवार के साथ ओ ब्लॉक मंगोलपुरी में रहता था। वह इलाके में स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में दसवीं कक्षा का छात्र था। सोमवार को उसके स्कूल में फेेयरवेल का कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद वह करीब एक बजे स्कूल से बाहर निकल रहा था। पहले से घात लगाए बैठा हमलावर उसके बाहर निकलते ही चाकू से उसके कनपटी के ऊपर सिर पर हमला कर दिया। उसके सिर के आर पार होने के बाद चाकू फंस गया। शोर शराबा होने पर आस पास के लोग वहां जमा हो गए और कुछ लोगों ने उसे लहूलुहान हालत में उठाकर संजय गांधी अस्पताल लेकर आए। जहां से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि छात्र को मृत घोषित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
