जम्मू, 09 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर भाजपा उपाध्यक्ष प्रिया सेठी पार्टी मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा और वरिष्ठ नेता परनीश महाजन के साथ जम्मू में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुईं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 07/2025 के तहत जूनियर फार्मासिस्ट पद के लिए अधिसूचित कथित गलत पाठ्यक्रम को लेकर बी.फार्मा (बैचलर ऑफ फार्मेसी) और डी.फार्मा (डिप्लोमा इन फार्मेसी) उम्मीदवारों की चिंताओं को उजागर किया।

इस अवसर पर बोलते हुए प्रिया सेठी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश भर के फार्मेसी स्नातकों और डिप्लोमा धारकों ने भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं को उजागर करते हुए एक सामूहिक ज्ञापन प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि जूनियर फार्मासिस्ट पद के लिए पात्रता मानदंड में स्पष्ट रूप से डी.फार्मा और बी.फार्मा योग्यताएं अनिवार्य हैं जो फार्मेसी अधिनियम 1948 के तहत भारतीय फार्मेसी परिषद (पीसीआई) द्वारा विनियमित हैं।
हालांकि बाद में अधिसूचित पाठ्यक्रम में कथित तौर पर नर्सिंग, ओटी तकनीशियन और मेडिकल असिस्टेंट पाठ्यक्रमों से संबंधित विषय शामिल हैं जो फार्मेसी शिक्षा के लिए प्रासंगिक नहीं हैं। सेठी ने इस बात पर जोर दिया कि उम्मीदवारों ने संबंधित अधिकारियों को बार-बार अभ्यावेदन प्रस्तुत किए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
