बडगाम, 09 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव (संगठन) अशोक कौल के नेतृत्व में वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं, सचिव मुदासिर वानी और आरिफ राजा तथा वरिष्ठ पार्टी नेता शेख बशीर ने बुडगाम के गोगू चेक लैंड निवासी और भाजपा विस्तारक रहे दिवंगत जावेद अहमद भट की ताजियात में भाग लेकर शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

भाजपा नेतृत्व ने जावेद अहमद भट के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें एक प्रतिबद्ध और मेहनती पार्टी कार्यकर्ता के रूप में याद किया जिन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। इस अवसर पर उपस्थित पार्टी नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने विस्तारक के रूप में उनके योगदान को व्यापक रूप से सराहा। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अशोक कौल ने कहा कि जावेद अहमद भट का निधन न केवल उनके परिवार बल्कि भाजपा संगठन के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।
वे एक अनुशासित, ईमानदार और समर्पित कार्यकर्ता थे, जो हमेशा पार्टी और समाज की सेवा में अग्रणी रहे। कौल ने कहा कि पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। अशोक कौल ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में इस क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। अन्य नेताओं ने भी प्रार्थना की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
