मीरजापुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के रानीबाग जमालपुर मार्ग पर रविवार रात हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की माैत हाे गई। दोनों युवक बाइक पर शराब पीते हुए स्टंट बाजी कर रहे थे। इसी दाैरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।

थाना प्रभारी राम नारायण राम ने साेमवार काे बताया कि मृतकाें की पहचान विवेक मौर्य (22) और हसनैन (23) के रूप में हुई हैं। दोनों वाल पेंटर थे और रविवार काे जयपट्टी गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। तिलक समारोह से निकलकर वे रानीबाग स्थित ठेके से शराब खरीदी। फिर बाइक पर शराब पीते हुए तेज रफ्तार में स्टंट बाजी करने लगे। इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दाेनाें घायल हाे गये, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टराें ने उन्हें मृत घाेषित कर दिया। हसनैन अपने घर का इकलाैता संताना था।

थाना प्रभारी ने बताया कि शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजकर घटना की जानकारी परिवार काे दे दी गई है। जांच में यही बात सामने आयी है कि यह हादसा शराब पीकर स्टंटबाजी करने के दाैरान हुआ है। पुलिस जांच कर रही है।
————–
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
