चित्तौड़गढ़, 09 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र में जोगणियां माता मेनाल मार्ग पर सोमवार दोपहर में एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। इसे बेगूं के उप जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया। कार में डोडा चूरा भरा मिला है। ऐसे में आशंका है कि कार सवार व्यक्ति डोडा चूरा तस्करी में लिप्त हो।

बेगूं सीआई कमल चंद मीणा ने बताया कि बेगूं उपखंड क्षेत्र में सोमवार को जोगणियां माता–मेनाल मार्ग पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित हो गई। यह कार मुख्य सड़क से नीचे उतर कर एक पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना खतरनाक था कि कार पेड़ से टकरा कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई गई। राहगीरों हादसे की सूचना बेगूं पुलिस को दी और घायलों को संभाला। हादसे की सूचना पर बेगूं पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि कार में अजमेर जिले के अकोडिया निवासी रामावतार पिता किशन लाल सुखवाल व इसका साथी निखिल पुत्र मंगलचंद प्रजापत सवार थे। इस हादसे में रामावतार सुखवाल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि इसका साथी निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे की जानकारी मिलने पर बेगूं थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। क्षतिग्रस्त कार की तलाशी में पुलिस को प्लास्टिक के कट्टो में अवैध डोडा चूरा मिला है। पुलिस ने जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर। इधर, गंभीर घायल निखिल प्रजापत को बेगूं उप जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया।

हादसे को लेकर सीआई कमलचंद मीणा ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की जांच की। इसमें सामने आया कि कार में पीछे की और डोडा चुरा भरा हुआ था। इसका पुलिस ने वजन करवाया तो 45 किलो से ज्यादा डोडा चूरा बरामद हुआ है। पुलिस हादसे के साथ डोडा चूरा के संबंध में भी अनुसंधान कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल
