अररिया 09 फरवरी(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में सेविका प्रोन्नति के माध्यम से महिला पर्यवेक्षिका के नियोजन हेतु चयन समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में चयन समिति के सभी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सेविका प्रोन्नति के माध्यम से महिला पर्यवेक्षिका के रिक्त पदों पर नियोजन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाना रहा। नियोजन प्रक्रिया को लेकर बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्राप्त आवेदनों के आलोक में सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए त्रि-सदस्यीय समिति के गठन का निर्णय लिया गया। इसके तहत अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों के मूल प्रमाण-पत्रों का मिलान करने हेतु 17 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में स्क्रूटनी कमिटी द्वारा जांच की जाएगी।इसके अलावा औपबंधिक मेधा सूची के निर्माण एवं प्रकाशन को लेकर अगली बैठक की तिथि 14 मार्च निर्धारित की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मेधा के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को समय पर लाभ मिल सके।जिला स्तर पर सेविका प्रोन्नति हेतु कुल 20 रिक्त पदों के लिए रोस्टर का अनुमोदन किया गया था, जिसके पश्चात सेविकाओं से आवेदन प्राप्त किए गए।बैठक में उप-विकास आयुक्त रोजी कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) कविता कुमारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सुबोध कुमार तथा जिला परिषद की निर्वाचित महिला प्रतिनिधि सदस्य के रूप में कलवी देवी उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

