नई दिल्ली, 09 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न ऑनलाइन न्यूज फोरम पर सामने आई उस जानकारी का संज्ञान लिया है, जिसमें दावा किया गया था कि किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ की प्री-प्रिंट कॉपी इंटरनेट पर प्रसारित हो रही है। साथ ही यह भी बताया गया कि इस पुस्तक के प्रकाशन के लिए अभी संबंधित प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमति प्राप्त नहीं हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी शीर्षक वाली एक टाइपसेट पीडीएफ कॉपी कुछ वेबसाइट्स पर उपलब्ध है, जिसे देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि यह किताब एम/एस पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई है। इतना ही नहीं, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म्स पर इस पुस्तक का फाइनल कवर भी प्रदर्शित किया गया है, मानो यह बिक्री के लिए उपलब्ध हो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना अनुमति के प्रकाशित होने वाली सामग्री के कथित लीक अथवा उल्लंघन की गहन जांच के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पुस्तक की सामग्री कैसे और किन माध्यमों से सार्वजनिक हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
