– तमिलनाडु सरकार लोक सेवा आयोग के माध्यम से एक भी परीक्षा सही ढंग से आयोजित करने में सक्षम नहींः केंद्रीय मंत्री

चेन्नई, 09 फ़रवरी (हि.स.)। डीएमडीके के साथ गठबंधन के सवाल पर केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने कहा कि इस पर केंद्रीय नेतृत्व चर्चा कर रहा है और उचित समय पर इसकी घोषणा की जाएगी।

चेन्नई के तियागराय नगर स्थित भाजपा मुख्यालय कमलालयम में सोमवार को केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि तमिलनाडु लोक सेवा आयोग के माध्यम से एक भी परीक्षा सही तरीके से आयोजित नहीं की जा पा रही है, इस स्थिति पर सरकार को शर्म से सिर झुक जाना चाहिए। तमिलनाडु सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। छात्र पिछले कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे, लेकिन परीक्षा केंद्र पर अंतिम समय में परीक्षा रद्द कर दी गई। यह डीएमके सरकार की अक्षमता को दर्शाता है। इस मुद्दे पर डीएमके गठबंधन के सहयोगी दल भी चुप्पी साधे हुए हैं।
विधानसभा चुनाव गठबंधन के संबंध में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की घोषणा मदुरंथकम में की जा चुकी है, लेकिन डीएमके गठबंधन में कौन-कौन से दल शामिल हैं, यह उन्हें खुद भी नहीं पता। उन्हें अब डर लगने लगा है। तमिलनाडु को केंद्र से मिलने वाली सभी निधियां दी जा चुकी हैं। राज्य सरकार को खर्च का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना चाहिए। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने वाले सभी राज्यों को निधि आवंटित की जाती है। यदि तमिलनाडु सरकार नियमों का पालन करेगी, तो उसे भी निधि मिलेगी। अनुसूचित जाति समुदायों सहित कई क्षेत्रों के लिए तमिलनाडु को आवंटित धनराशि वापस लौटा दी गई है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष रहते हुए मैंने तमिलनाडु के कई इलाकों का दौरा कर आदिवासी समुदायों से मुलाकात की और उनके लिए आवश्यक कार्यों को लेकर रिपोर्ट सौंपी थी। लेकिन उन सिफारिशों को लागू नहीं किया गया। केवल अनुसूचित जाति छात्रावासों के नाम बदल देना ही काफी नहीं है। डीएमके सरकार अनुसूचित जाति के लोगों का उपयोग केवल वोट बैंक के रूप में करती है, उनके प्रति कोई वास्तविक चिंता नहीं है।
डीएमडीके के साथ गठबंधन की संभावना के सवाल पर केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने कहा, “गठबंधन के विषय पर राष्ट्रीय नेतृत्व बातचीत कर रहा है और सही समय पर इसका निर्णय घोषित किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV
