मुरादाबाद, 09 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में हाथी वाले मंदिर के पास दो दिन पहले शनिवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों से अभद्रता और हाथापाई के मामले में सोमवार को आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपित पुलिस को धमकी देकर मौके से फरार हो गया।


थाना पुलिस के अनुसार सात फरवरी की रात करीब 1:30 बजे थाना मुगलपुरा में तैनात एसआई ओम शुक्ला और उनकी टीम हाथी वाला मंदिर मोहल्ले में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मंदिर के पास सतीश हलवाई की दुकान के सामने खड़े दो संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही थी। आरोप है कि तभी मोहल्ले का विक्की कश्यप शराब के नशे में वहां पहुंचा और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई कर दी। आरोपित पुलिस को धमकी देता रहा और मौका पाकर वह भाग निकला।
सदर कोतवाली सर्किल की क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया ने बताया कि मामले में आरोपित विक्की कश्यप के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता और धमकी देने के आरोप में सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गयी है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
