
गुवाहाटी, 09 फरवरी (हि.स.)। सेवा भारती पूर्वांचल, नेशनल मेडिक्स ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) और आयुर्वेदिक मेडिकल ऑर्गनाइजेशन के ‘23वीं धन्वंतरी सेवा यात्रा-2026’ नामक सात दिवसीय शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

धन्वंतरी सेवा यात्रा आयोजकों ने सोमवार को बताया कि इस बड़े कार्यक्रम में अमेरिका समेत भारत के 21 राज्यों के 156 सीनियर एलोपैथिक और आयुर्वेदिक डॉक्टरों और 165 मेडिकल स्टूडेंट्स समेत कुल 321 लोगों ने हिस्सा लिया। पूर्वोत्तर के सात राज्यों के 261 दूर-दराज के इलाकों में लगातार सात दिनों तक निःशुल्क स्वास्थ शिविर लगाकर एक मिसाल कायम की।
एक फरवरी को असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मालीगांव के आदिमगिरी में मौजूद सेवा भारती जनजाति छात्रावास के ऑडिटोरियम में ‘23वीं धन्वंतरी सेवा यात्रा-2026’ का उद्घाटन किया था। शिविर का समापन बीते रविवार को हुआ। समापन समारोह में मुख्य अथिति के रूप में ‘तोलाराम बाफना आर्टिफिशियल लिम्ब एंड कैलिपर्स सेंटर’ के चेयरमैन शुभकरण बाफना, सम्मानित अतिथि के रूप में कैलिफोर्निया में मौजूद ‘अमेरिका हिंदू यूनिवर्सिटी’ के प्रेसिडेंट और न्यूरोसर्जन डॉ. जशुभाई पटल, विशेष अतिथि गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल के गैस्ट्रोएन्टोबॉयोलाजी विभाग की प्रमुख डॉ. मल्लिका भट्टाचार्य, अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र एवं सेवा प्रमुख तथा सेवा भारती के पालक सुरेंद्र तालखेदकर, एनएमओ के अध्यक्ष प्रो (डॉ.) सीबी त्रिपाठी और एनएमओ के ऑल इंडिया महासचिव डॉ. अश्विनी टंडन उपस्थित थे।
समापन समारोह के पहले सेशन में, डॉक्टरों और मेडिकल स्टूडेंट्स ने अलग-अलग दूर-दराज के इलाकों में लगे शिविर में मिलने अपने अनुभव और भावनाएं बताईं। कई लोग जरूरतमंद लोगों की मेहमाननवाज़ी की अलग-अलग कहानियां सुनाते हुए इमोशनल हो गए।
दूसरे सेशन में, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सुरेंद्र तलखेदकर ने स्वागत संबोधन देते हुए ‘धन्वंतरी सेवा यात्रा’ शुरू करने से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर रोशनी डाली। इसके बाद, मेहमानों ने भाषण दिए। समापन समारोह में, मेहमानों ने ‘धन्वंतरी’ नाम की एक सोविनियर का अनावरण किया।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
