कानपुर, 09 फरवरी (हि.स.)। वीआईपी रोड पर लैंबॉर्गिनी कार से बाइक सवार को उड़ाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हाई प्रोफाइल दुर्घटना में पुलिस की शुरुआती लापरवाही उजागर होने के बाद आखिरकार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, गंभीर प्रकरण में शिथिलता बरतने पर ग्वालटोली थाना प्रभारी संतोष कुमार गौड़ को पुलिस आयुक्त ने लाइन हाजिर कर दिया है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सोमवार को मीडिया से बताया कि रविवार को झूला पार्क चौराहा, वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही लैंबॉर्गिनी कार ने सड़क किनारे खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के वक्त बाइक के पास खड़े चमनगंज निवासी मोहम्मद तौफीक कार की चपेट में आ गए, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हुए, क्योंकि मामला हाई प्रोफाइल होने के बावजूद तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई। बाद में पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और घायल को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में सामने आया है कि लैंबॉर्गिनी कार आर्यनगर निवासी शिवम कुमार मिश्रा के नाम पर है। पुलिस के अनुसार, चश्मदीदों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है।
पुलिस आयुक्त ने साफ कहा कि कानून सबके लिए समान है। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कठोर और कानूनी कार्रवाई तय है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
