रांची, 09 फरवरी (हि.स.)। सोनाहातू थाना पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपित दंपति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सुलोचना देवी और क्षेत्रपति महतो शामिल है। इनके पास से मृतक का मोबाईल फोन, हत्या के दौरान प्रयोग किया गया खून लगा बांस की बल्ली सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।

एसडीपीओ ओमप्रकाश ने सोमवार को बताया कि अवैध संबंध और प्रतिशोध की भावना में हरिहर महतो की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कांची नदी किनारे झाड़ियों और दलदल में दबा दिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई थी। हालांकि, सोनाहातू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया और आरोपित दंपति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसडीपीओ ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और ठोस सबूतों के आधार पर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध संबंध के कारण रचे गए साजिश में आरोपित दंपति ने मिलकर इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे हरिहर महतो घर से निकला था। उसने गांव की ही एक महिला से मिलने जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने तीन फरवरी को सोनाहातू थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का गांव की ही शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था। पूछताछ में सामने आया कि इस संबंध की जानकारी महिला के पति को हो गई थी। इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर हरिहर महतो को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत महिला ने हरिहर को मिलने के बहाने बुलाया, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को क्षत-विक्षत कर दिया। इसके बाद शव को गांव के पीछे कांची नदी किनारे झाड़ियों के बीच दलदल में दबाकर ऊपर से मिट्टी डाल दी, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके। जांच के क्रम में सोनाहातू पुलिस ने संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित दंपति ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नदी किनारे से शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरिहर महतो की शादी दो साल पहले हुई थी और उसका एक माह का बेटा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
