गोरखपुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी लखनऊ में आयोजित मीडिया ओलंपिक-3 का समापन समारोह बड़े ही भव्य और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खेल और पत्रकारिता जगत से जुड़े प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मीडिया समाज का सशक्त स्तंभ है और ऐसे आयोजन आपसी समन्वय, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं।

समारोह के दौरान गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सिविल कोर्ट गोरखपुर के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट रत्नाकर सिंह को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के हाथों प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पत्रकार हितों के लिए किए गए योगदान और संगठनात्मक सक्रियता के लिए प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर एडवोकेट रत्नाकर सिंह ने आयोजकों और उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान गोरखपुर के समस्त पत्रकार साथियों का है। उन्होंने कहा कि मीडिया ओलंपिक जैसे आयोजन पत्रकारों के बीच भाईचारा बढ़ाने और तनावमुक्त वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में एक विशेष क्षण तब आया जब गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष को भी प्रतिभागियों को सम्मानित करने का अवसर मिला। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मंच पर मौजूद गणमान्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
समापन समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पत्रकार, खिलाड़ी और अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, ऊर्जा और एकता का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी ने इस तरह के आयोजनों को आगे भी जारी रखने की बात कही।
मीडिया ओलंपिक-3 के इस सफल आयोजन और सम्मान समारोह से गोरखपुर के पत्रकार समुदाय में खुशी की लहर है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
