नई दिल्ली, 09 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी स्थित त्रिलोकपुरी इलाके में रविवार को मोबाइल चार्ज करने से मना करने पर दो युवकों ने एक ऑटो मैकेनिक व उसके सहायक को चाकू मार दिया। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान मैकेनिक को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय वीर सिंह के रूप में हुई है जबकि सहायक रामकिशन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान त्रिलोकपुरी निवासी 31 वर्षीय यामीन और 28 वर्षीय यासीन के रूप में हुई है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे 13/31, त्रिलोकपुरी स्थित एक ऑटो मरम्मत की दुकान पर मोबाइल चार्जर न देने के बाद चाकूबाजी की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि ऑटो शॉप मैकेनिक वीर सिंह व उसका सहायक रामकिशन हमले में घायल हुए हैं। उन्हें एलबीएस अस्पताल ले जाया गया है और वीर सिंह को मृत घोषित कर दिया गया है। जबकि राम किशन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। छानबीन में पता चला कि आरोपित युवक दुकान पर मोबाइल चार्ज करने के लिए पहुंचे थे। मैकेनिक ने मना किया तो आरोपित बहस करने लगे। इसके बाद एक आरोपित ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान राम किशन को भी चाकू लगे और वह भी घायल हो गया। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूत्रों और तकनीकी टीम की मदद से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
