यमुनानगर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के जगाधरी क्षेत्र में सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली सातवीं कक्षा की तीन नाबालिग छात्राओं के लापता होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। तीनों छात्राएं सोमवार को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार और खोजबीन के बाद परिजनों ने शहर थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार तीनों छात्राएं एक ही विद्यालय में पढ़ती हैं और रोज़ाना एक साथ स्कूल आती-जाती थी। परिजनों ने बताया कि स्कूल से छुट्टी के बाद छात्राएं घर नहीं पहुंचीं, जिस पर पहले आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बाद में जांच के दौरान जानकारी सामने आई कि छात्राएं स्कूल जाने के बजाय भगत सिंह पार्क के समीप स्थित एक कैफे में गई थीं। बताया जा रहा है कि कैफे से निकलने के बाद तीनों का कोई पता नहीं चल पाया।
इसके बाद परिजनों द्वारा मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी 12 वर्षीय बेटी सरकारी स्कूल, जगाधरी में सातवीं कक्षा की छात्रा है। वह दो सहेलियों के साथ हर रोज़ की तरह स्कूल के लिए निकली थी। थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने छात्राओं की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कैफे व पार्क क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षित बरामदगी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है। वहीं, परिजन लगातार अपनी बेटियों की सकुशल वापसी की अपील कर रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
