नारनाैल, 10 फ़रवरी (हि.स.)। नारनौल में कर्मचारी कॉलोनी के पास मंगलवार सुबह कूड़े के ढेर में जानवर के कटे हुए अंग पड़े मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद डीएसपी भारत भूषण और शहर थाना प्रभारी मुकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। गौभक्तों ने अंगों का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।

पुलिस के अनुसार शहर के महेंद्रगढ़ रोड स्थित कर्मचारी कॉलोनी के पास कूड़े के ढेर में जानवर के कटे हुए पैर व अन्य अंग पड़े मिले हैं। राहगीरों की नजर जब कटे हुए अंगों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर महावीर चौक पुलिस चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बाद में डीएसपी भारत भूषण और शहर थाना प्रभारी मुकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान गोभक्त भी मौके पर पहुंच गए और मामले को लेकर रोष व्यक्त किया।

उनका कहना है कि कूड़े के ढेर में पड़े ये अंग गोवंश के हो सकते हैं। गोभक्त राहुल वर्मा व प्रभास छक्कड़ ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में कूड़े के ढेर में गोवंश के कटे हुए टुकड़े पड़े हैं। प्रभास छक्कड़ ने कहा कि ये अंग गोवंश के हैं या किसी अन्य पशु के इसका पता अंगों का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और विरोध जताने लगे।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि स्थिति को तनावपूर्ण होता देख मौके पर एक पुलिसकर्मी को तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में भी तलाशी ली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं अन्य स्थानों पर भी जानवर के अंग तो नहीं फेंके गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों को एकत्र किया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
