सिरसा, 10 फ़रवरी (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने एक दंपति सहित चार नशा तस्कारों को गिरफ्तार कर हेरोइन व चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा जिला निवासी कुलवंत सिंह, बिंद्र कौर, जितेंद्र कुमार व सखुबीर सिंह के रूप में हुई। सीआईए सिरसा प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी।

इसी दौरान नहर पुल के नजदीक एक मोटरसाइकिल पर एक पुरुष व महिला आती दिखाई दिए, जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गए। पुलिस ने शक के आधार पर उनका पीछा कर उन्हें रोका और तलाशी ली तो उसके कब्जे से 11 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान कुलवंत सिंह व उसकी पत्नी बिंद्र कौर के रूप में हुई।

इसके अलावा पुलिस ने सिरसा के सी ब्लॉक क्षेत्र से बाइक सवार एक व्यक्ति को साढ़े तीन किलोग्राम चूरापोस्त सहित दबोचा है। पुलिस टीम गश्त पर थी। सी ब्लॉक क्षेत्र में बाइक सवार को पुलिस ने जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके बैग से चूरापोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई।
एएनसी स्टाफ डबवाली पुलिस ने गांव सालमखेड़ा क्षेत्र से सुखबीर सिंह को हेरोइन सहित काबू किया है। एएनसी स्टाफ प्रभारी रणजोत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गांव सालमखेड़ा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया जो कि सामने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार प उसे दबोच लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाना में अभियोग दर्ज किया गया है।
शीशम के पेड़ चोरी की वारदात सुलझी, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गंग नहर किनारे से शीशम के पड़े चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी जगजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर 24 पेड़ बरामद किए गए हैं। चौटाला चौकी प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शिकायत में बताया गया था कि बीती दो फरवरी की रात को गंग नहर से 24 शीशम के हरे पेड़ काटकर कोई चुरा ले गया है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए जांच के दौरान आरोपी जगजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
