श्रीनगर, 10 फरवरी (हि.स.)। पूरे जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को तापमान में उल्लेखनीय सुधार हुआ। श्रीनगर शहर का न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस और जम्मू शहर का 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और पहलगाम में शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस, कटरा शहर में 11.2 डिग्री सेल्सियस, बटोटे में 6.1 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में 3.2 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

श्रीनगर शहर में अधिकतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस और जम्मू में 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में आमतौर पर बादल छाए रहने और अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना के साथ बुधवार और गुरुवार के लिए आम तौर पर शुष्क मौसम और शुक्रवार को बादल छाए रहने और अलग-अलग ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग ने 15 और 16 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहने से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है, जबकि 17 फरवरी को आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। 18 से 20 फरवरी तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विभाग ने जारी एडवाइजरी में यात्रियों और परिवहकों से संबंधित अधिकारियों से राजमार्ग की स्थिति की पुष्टि करने और प्रशासन की सलाह का पालन करने के लिए कहा है। बर्फीले इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे हिमस्खलन की आशंका वाले ऊंचे इलाकों में न जाएं।
———————————-
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता
