जयपुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर के तीन अलग-अलग थाना इलाकों में दबिश दी है। पुलिस ने कुल 1 किलो 344 ग्राम चरस, 10.20 ग्राम स्मैक और 4.84 ग्राम एमडी बरामद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12.50 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ करने में जुटी है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जयपुर शहर में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप अभियान के तहत सीएसटी ने आमेर, सांगानेर सदर और बगरू पुलिस के साथ मिलकर 1 किलो 344 ग्राम चरस, 10.20 ग्राम स्मैक और 4.84 ग्राम एमडी बरामद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है।

सीएसटी को सूचना मिली कि दिल्ली हाईवे स्थित प्राचीन चामुंडा मंदिर के पास चरस की तस्करी होने वाली है। टीम ने घेराबंदी कर पहल सिंह (43) निवासी नेपाल (हाल निवासी कुल्लू, हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.344 किलोग्राम चरस बरामद हुई है।
दूसरी कार्रवाई सांगानेर सदर इलाके में हुई। यहाँ संजीवनी सिटी-II के बाहर से मनीष कुमार सांसी (25) निवासी टोंक को दबोचा गया। पुलिस ने मनीष से 10.20 ग्राम स्मैक और मादक पदार्थ बिक्री की 21 हजार 500 रुपये की नकदी जब्त की है।
बगरू पुलिस और सीएसटी ने राजस्थान नर्सिंग कॉलेज के सामने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महेन्द्र कुमार चौधरी (31) निवासी अजमेर ,विनोद रैगर (27), निवासी अजमेर और गोविन्द सिंह छापरिया (27) निवासी जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया। इनके पास से 04.84 ग्राम एमडी, 7,370 रुपये नकद, एक लग्जरी कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जयपुर पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
