बरेली, 10 फरवरी (हि.स.) । उत्तर प्रदेश सरकार की जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) में बरेली परिक्षेत्र ने जनवरी 2026 की रैंकिंग में पूरे प्रदेश में पहला स्थान पाया है। जन शिकायतों के निस्तारण में तेजी, गुणवत्ता और सख्ती से यह स्थान मिला है।

रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी के प्रयास से मिली इस बड़ी उपलब्धि में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर—चारों जिलों ने मिलकर संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया कि शिकायत निस्तारण में अब ढिलाई नहीं, बल्कि फुल एक्शन मोड में पुलिस काम कर रही है। रेंज के कुल 88 थानों ने संयुक्त रूप से प्रदेश में टॉप कर इतिहास रच दिया। बरेली के 28, बदायूं के 20, पीलीभीत के 17 और शाहजहांपुर के 23 थानों ने शिकायतों के निस्तारण में तेजी दिखाई। बरेली जनपद के कोतवाली से लेकर महिला थाना, सुभाषनगर, इज्जतनगर, भोजीपुरा, नवाबगंज, आंवला, भमोरा, शीशगढ़, प्रेमनगर, बिथरीचैनपुर, कैंट और मीरगंज जैसे थानों ने मोर्चा संभाले रखा।

शानदार प्रदर्शन करने वाले आईजीआरएस कर्मियों उपनिरीक्षक शालू, कम्प्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, जिन थानों का प्रदर्शन कमजोर रहा है, उनकी कड़ी समीक्षा होगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
