जोधपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। शहर की भगत की कोठी पुलिस ने योगा छात्रा को सोशल मीडिया पर परेशान , ब्लैकमेल करने और आपत्तिजनक मैसेज भेजने वाले आरोपित को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपित को आज कोर्ट में पेश किया गया है। उससे मोबाइल इत्यादि बरामद किए जाने है।

भगत की कोठी थानाधिकारी राजीव भादू के अनुसार गत दिनों एक युवती की तरफ से रिपोर्ट दी गई थी। इसमें बताया कि वह देहरादून- उत्तराखंड में योगा के लिए गई थी। वह पढ़ाई भी करती थी। वहां उसके एक सहपाठी के मित्र द्वारा उसको बाद में लगातार सोशल मीडिया पर तंग और परेशान किया जा रहा है। आरोपित उसे इंस्टाग्राम, मेल आदि पर आपत्तिजनक पोस्ट कर ब्लैकमेल कर रहा था।

थानाधिकारी भादू ने बताया कि काफी समय से चल रहे इस क्रम के चलते पीडि़ता ने जनवरी में केस दर्ज कराया था। इस पर आरोपित की पहचान की गई। आरोपित उत्तरप्रदेश के बालवा सामली हाल सोनीपत हरियाणा निवासी विनीत चौहान को पकड़ा गया है। उससे मोबाइल आदि जब्त किए जाने है। अग्रिम पड़ताल की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
