फिरोजाबाद, 10 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिराेजाबाद जिले के थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार देर रात ग्राम प्रधान गोली लगने से घायल हो गया। गोली मारने का आरोप उसके ही भतीजे पर लगा है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई ।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार काे बताया कि थाना नारखी क्षेत्र के गांव नगला सोंठ के मौजूदा ग्राम प्रधान सोम कुमार अपने साले के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए सोमवार रात थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत ठारपूठा स्थित एक मैरिज होम में आये थे। इस दौरान ललित नाम के एक युवक उन पर फायर कर भाग निकला। गाेली ग्राम प्रधान की पीठ में जा लगी। घायल अवस्था में प्रधान को जिला अस्पताल ले जाया गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। पूछताछ के दौरान प्रधान ने पुलिस को बताया कि आरोपित ललित उनका रिश्ते में भतीजा लगता है, जो कि सरकारी जमीन पर मंदिर का निर्माण करा रहा था। उस मंदिर का निर्माण रोकने पर ललित उनसे रंजिश मानने लगा है। इसी रंजिश में ललित ने उन्हें गोली मारी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
इस संबंध में एएसपी ने बताया कि एक मैरिज होम में ग्राम प्रधान को गोली मारी गई है। घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश की वजह सामने आयी है। आरोपी ललित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
