कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करके लहराए पोस्टर

हिसार, 10 फरवरी (हि.स.)। यहां के हरियाणा कृषि

विश्वविद्यालय में शुरू हुए युवा उत्सव के पहले दिन विद्यार्थियों ने हंगामा कर दिया। विश्वविद्यालय
के छात्रों ने कुलपति के भाषण का बहिष्कार कर दिया और काले कपड़े पहनकर पोस्टर लहराए।
इस दौरान छात्रों ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मंगलवार को शुरू हुए युवा उत्सव के दौरान जब
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज भाषण दे रहे थे तो छात्रों ने पोस्टर लहराकर छात्राओं पर
शोषण, छात्रों पर लाठीचार्ज, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की बहाली, विद्यार्थियों पर दर्ज
केस, डिविजनल कमिश्नर की रिपोर्ट लागू न होने जैसी कई मांगों को उठाया। छात्रों ने
वी वांट जस्टिस के नारे भी लगाए।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा कि पूरा ईवेंट
शानदार रहा है। बच्चे सकारात्मक ऊर्जा के साथ लगे हुए हैं। कुछ लोग हैं जो कैंपस के
माहौल को लगातार बिगाड़ने का प्रयास लगातार करते हैं मगर हम अपना काम कर रहे हैं। युवा
उत्सव के दौरान कुलपति के भाषण के दौरान अधिकतर छात्र उठकर चले गए। कुलपति के सामने
ग्राउंड खाली नजर आया। वहीं विरोध करने वाले छात्र हाथ में पोस्टर लेकर कुलपति के सामने
दीवार पर खड़े हो गए। इस दौरान कुलपति ने उनको देख लिया और पूरा भाषण सिर झुकाए ही पढ़ते
रहे।
इस दौरान वहां खड़ी फैकल्टी छात्रों से ऐसा नहीं करने के लिए मनाती रही, मगर छात्रों
ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। कुलपति के कार्यक्रम से जाने के बाद प्रदर्शनकारियों
का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही
बरती जा रही है। छात्रों ने चेतावनी दी, कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया
जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
