पलवल, 10 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मितरोल गांव के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका ससुर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों फरीदाबाद से शादी के कार्ड बांटकर अपने गांव लौट रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान योगेश कुमार निवासी जिला मथुरा के रूप में हुई है। उसके पिता प्रेमसिंह की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के अनुसार योगेश अपने ससुर चरण सिंह के साथ साले की शादी के कार्ड बांटने फरीदाबाद गया था। कार्ड वितरित करने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। मितरोल गांव के समीप पीछे से आ रहे किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि चरण सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना प्रभारी एएसआई संजय कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
