मीरजापुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। शादी कराने का झांसा देकर भोले-भाले परिवारों से लाखों की उगाही करने वाले शातिर गिरोह का राजगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। लुटेरी दुल्हन सहित छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गिरोह के पास से 30 हजार रुपये नगद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना अजीत निवासी दाउदपुर, चंदौली, अपने साथियों के साथ मिलकर शादी का जाल बिछाता था। इस बार उसने आगरा के एक परिवार को बेटे की शादी कराने का झांसा देकर राजगढ़ थाना क्षेत्र बुलाया। आगरा निवासी मीरा देवी अपने पति अखिलेश और पुत्र सचिन के साथ सोमवार सुबह भागलपुर गांव पहुंचीं। यहां शादी की तैयारी, कपड़े और जेवर खरीदने के नाम पर गिरोह ने दूल्हा पक्ष से एक लाख 15 हजार रुपये ऐंठ लिए।

शाम होते-होते गिरोह ने बिशुनपुरा गांव के एक छोटे मंदिर में आनन-फानन में सचिन की शादी मनीषा नाम की युवती से करा दी। शादी के बाद सभी लोग ऑटो से मीरजापुर के लिए रवाना हुए। रास्ते में नदीहार बाजार पहुंचते ही लुटेरी दुल्हन ने ठंड लगने का बहाना बनाकर स्वेटर खरीदने की जिद की। जैसे ही दूल्हा पक्ष बाजार में खरीदारी में व्यस्त हुआ, मौका पाकर दुल्हन फरार हो गई।
दूल्हा पक्ष ने पीछा कर दुल्हन को पकड़ लिया तो गिरोह के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और हाथापाई शुरू हो गई। शोर शराबा देख बाजार में भीड़ जुट गई और लोगों ने दोनों पक्षों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस सभी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
दूल्हे की तहरीर पर पुलिस ने जितेंद्र, रामविलास, ज्योति, रीता, महिमा और लुटेरी दुल्हन मनीषा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह की चार महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी अभियुक्त पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
