नाहन, 10 फ़रवरी (हि.स.)। सिरमौर जिला में रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के लिए सियासी चुनौतियां बढ़ती नजर आ रही हैं। क्षेत्र में लंबे समय से जमी कांग्रेस की पकड़ को झटका देते हुए नौहराधार क्षेत्र के लाना चेता गांव में कांग्रेस से जुड़े कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। यह राजनीतिक घटनाक्रम सिरमौर जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान सामने आया, जहां यशवंत सिंह, सुरेंद्र सिंह और परमार सिंह ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी से नाता तोड़ते हुए भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

इन नेताओं ने कांग्रेस की नीतियों से असंतोष जताते हुए भाजपा की विचारधारा में विश्वास व्यक्त किया।भाजपा में शामिल हुए नेताओं का कहना है कि हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार की नीतियों और रेणुका क्षेत्र में ठप पड़े विकास कार्यों के कारण वे कांग्रेस से निराश थे।उनका आरोप है कि क्षेत्र में विकास की रफ्तार पूरी तरह थमी हुई है, जिससे आम जनता और कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है।नेताओं ने यह भी कहा कि पिछले करीब पांच दशकों से क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
