सारण, 10 फ़रवरी (हि.स.)। आगामी होली के त्योहार को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन जांच अभियान में आज एक सफलता हाथ लगी है। छपरा जंक्शन पर गाड़ी संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के कोच A1 से आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम ने अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।

बरामद अंग्रेजी शराब कुल 190.380 लीटर जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 167050 बताया जा रहा है, इस मामले में दरभंगा जिला अंतर्गत लहेरिया सराय बेलवानवा गंज निवासी 30 वर्षीय अरनव प्रसाद सुपुत्र शिवकुमार प्रसाद को गिरफ्तार किया है। योजनाबद्ध तरीके से हुई सघन चेकिंग के दौरान दरभंगा ले जाई जा रही इस खेप को पकड़ा गया। टीम ने कोच A1 में दबिश देकर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध जीआरपी छपरा जंक्शन द्वारा मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। रेल अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान ट्रेनों के माध्यम से होने वाली किसी भी प्रकार की तस्करी को रोकने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
