धर्मशाला, 10 फ़रवरी (हि.स.)। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर मंगलवार को धर्मशाला में सुरक्षित इंटरनेट और साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला योल कैंट राजकीय उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों और उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला के कर्मचारियों के लिए आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करना था। सुरक्षित इंटरनेट दिवस हर वर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को मनाया जाता है।

कार्यक्रम में उपायुक्त हेमराज बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल दौर में व्यक्तिगत डेटा, वित्तीय जानकारी और निजता की सुरक्षा के लिए सुरक्षित इंटरनेट का उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए हर नागरिक को इंटरनेट का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने मजबूत पासवर्ड रखने, मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने, समय-समय पर सॉफ्टवेयर अपडेट करने और संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह दी।

कार्यशाला के दौरान जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी) अक्षय मेहता ने साइबर सुरक्षा और सुरक्षित इंटरनेट के महत्व पर विस्तृत प्रस्तुति दी। एडीआईओ सर्वजीत कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी इंटरनेट सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। प्रतिभागियों को ऑनलाइन उपयोग से जुड़े जरूरी सावधानियों और क्या करें तथा क्या न करें जैसे विषयों के बारे में बताया गया और उनके सवालों के जवाब भी दिए गए।
कार्यक्रम में उपायुक्त कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जबकि राजकीय उच्च विद्यालय योल कैंट के प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यशाला का समापन इंटरनेट उपयोग और साइबर सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा के साथ किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
