देहरादून, 10 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखण्ड सरकार ने प्रदेश के 16 जर्जर व क्षतिग्रस्त प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए कुल 568.85 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इस योजना के तहत रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, टिहरी, चमोली और देहरादून जिलों के विद्यालयों के भवनों का निर्माण और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।

विद्यालयों के पुनर्निर्माण में रूद्रप्रयाग के सुराड़ी, छतोड़ा, कमसाल, जसोली और सल्या विद्यालयों के लिए 32-32 लाख रुपये, पौड़ीखाल उच्च प्राथमिक विद्यालय के लिए 40.30 लाख रुपये, पिथौरागढ़ के लास्पासांई को 39 लाख, गैला 20.47 लाख, मल्ला वल्थी 20.30 लाख, टिहरी के तिखोन 34.86 लाख, सौन्दकोटी मल्ली 37.36 लाख, मंजूरीडागर 39.94 लाख और क्यारी-जमुण्डा उच्च प्राथमिक विद्यालय के लिए 29.59 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग और पेयजल निगम को कार्यदायी संस्था नियुक्त किया गया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय में सभी निर्माण और मरम्मत कार्य पूर्ण कराए जाएं, ताकि छात्रों को बेहतर और सुरक्षित शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
————–
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
