बिजनौर, 10 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की थाना अफजलगढ़ पुलिस ने चोरी के तार बेचने जा रहे गिरोह के छह सदस्याें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात कुंतल 11 केवी विद्युत लाइन का तार, तार काटने का लोहे का कटर तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी किए गए विद्युत तार को बेचने के लिए हरेवली से अफजलगढ़ की ओर ला रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रोहित कुमार उर्फ लाला पुत्र रमेश सिंह निवासी ग्राम नारायणवाला थाना रेहड़, अबरार अंसारी पुत्र इमामुद्दीन निवासी ग्राम मुनव्वपुर सैद थाना शेरकोट, हेमराज उर्फ तारा पुत्र दलीप सिंह, मनीष कुमार उर्फ छोटू पुत्र राजपाल सिंह, अरुण पुत्र चुन्ना सिंह निवासीगण ग्राम नारायणवाला थाना रेहड़ तथा नईम अहमद पुत्र तसलीम निवासी ग्राम भगोता उर्फ हरेवला थाना शेरकोट को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लगभग सात कुंतल विद्युत तार मौके से बरामद किया, जबकि जांच के दौरान कुल मिलाकर करीब सात कुंतल 11 केवी लाइन का तार कब्जे में लिया गया। इसके अलावा तार काटने का लोहे का कटर और छोटा हाथी वाहन संख्या UK06CA4235 भी बरामद हुआ। वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। इस मामले में एंटी पावर थेफ्ट थाना बिजनौर में मु0अ0सं0 52/2026 धारा 136 विद्युत अधिनियम के तहत पहले से मुकदमा दर्ज है, जिसमें बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।
पूछताछ में आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 5 फरवरी 2026 की रात ग्राम आलमपुर गांवड़ी के जंगल से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार रस्से की मदद से नीचे खींचकर कटर से काट लिया था और उसे वाहन में लादकर ले गए थे। आरोपिताें ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की घटना में उनके दो अन्य साथी शेखर पुत्र उमेश तथा सुमित पुत्र बलराम निवासी ग्राम नारायणवाला थाना रेहड़ भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
