लखनऊ,10 फरवरी (हि.स.)। विधान परिषद में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने आरक्षण के मुद्दे पर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए हंगामा किया। नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव ने सरकार पर आरक्षण का अनुपालन करने का आरोप लगाया। इसके जवाब में नेता सदन एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक न्याय के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है और आरक्षण के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया है। केशव प्रसाद मौर्य के जवाब से असंतुष्ट सपा सदस्यों ने वेल में पहुँचकर हंगामा किया और सरकार विरोधी नारेबाजी की। सपा सदस्यों का हंगामा न रूकने के कारण सदन की कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

सदन में अपनी बात रखते हुए नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़ों के आरक्षण पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा व्यक्ति के लिए भी समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गयी है। वर्तमान सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, शोषित वंचित एवं पिछड़ा वर्ग के हितों के संरक्षण का दिखावा करती है। इस सरकार को इन वर्गों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है।

लाल बिहारी यादव ने कहा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के ओ०बी०सी० के लिए 221 पदों में 27 प्रतिशत के हिसाब से 60 की जगह पर 20 पद अनुसूचित जाति को 21 प्रतिशत के हिसाब से 46 पद की जगह 21 पद ही दिये गये हैं। इसी तरह पशु चिकित्सा अधिकारियों के 404 पदों पर 27 प्रतिशत ओबीसी के हिसाब से 110 पद मिलने चाहिये थे, लेकिन ओबीसी को शून्य पद मिले । इन सभी विज्ञापनों में ई०डब्लू०एस० को सभी सीटें आवंटित कर दी गयीं। सपा एमएलसी किरण पाल कश्यप ने कहा कि आरक्षण के नियमों का पालन और भर्तियों में भ्रष्टाचार से प्रभावित लोगों में सरकार के प्रति भारी रोष एवं आक्राेश व्याप्त है, लोग आन्दोलित हो रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
