चंडीगढ़, 10 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा सरकार मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही। इसको लेकर एक विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन हरियाणा के आयुक्त डॉ. मनोज कुमार ने मंगलवार को चंडीगढ़ में बताया कि हरियाणा खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। दिसंबर 2025 से 20 जनवरी तक राज्य के विभिन्न जिलों में पनीर, देसी घी, दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पादों के सैंपल लेकर जांच के लिए सरकारी प्रयोगशालाओं में भेजे गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर कई नमूने असुरक्षित, अवमानक तथा गलत ब्रांडिंग वाले पाए गए। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबार संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि पलवल, हिसार, नूंह, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी और पानीपत सहित कई जिलों के विक्रेताओं की जांच की गई। कई स्थानों पर पनीर और देसी घी के नमूने फेल पाए गए, जिनकी बिक्री पर रोक लगाई गई है। कुछ मामलों में दुकानों को सील करने और एफआईआर दर्ज करने जैसी कार्रवाई भी की गई है, जबकि अन्य मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि पलवल में सैकुल खान के मिल्क प्लांट में पनीर की रिपोर्ट असुरक्षित एवं अवमानक पाई गई। इसी प्रकार हिसार जिला में राधिका इंटरप्राइजिज पर छापा मरकर देसी घी के सैंपल लिए गए जो कि असुरक्षित, अवमानक और बिक्री के लिए प्रतिबंधित पाए गए। इस मामले में सुरेंद्र कुमार तथा अमित सचदेवा नामक व्यक्ति की दुकान सील कर दी गई। इसी जिला में शिव कुमार, दिनेश सिंगल, रविंद्र के इंटरप्राइजिज पर देसी घी के सैंपल प्रतिबंधित पाए गए। नूंह जिला में जकारिया खान का देसी घी का ब्रांड गलत पाया गया। इसी जिला में मोहम्मद सोहिल के संस्थान पर पनीर की जांच की गई जिसे असुरक्षित पाया गया है।
महेंद्रगढ़ जिला में अंकित शर्मा के डेयरी फार्म तथा वितरक गुरु नानक सेल्स एजेंसी में देसी घी के सैंपल फेल हुए। इसी जिला में माई डेयरी मिल्क में देसी घी का सैंपल बिक्री के लिए प्रतिबंधित पाया गया है। इसी को देखते हुए राधेश्याम मेसर्स सोनी सरस डेयरी तथा निर्माता मेसर्स रिद्धि सिद्धि फ़ूड प्रोडक्ट्स तोशाम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी द्वारा खाद्य व्यवसाय संचालकों के चार लाइसेंस व दो पंजीकरण रद्द किये गये।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
