–पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर को किया जब्त

–फायरिंग के आरोपी पक्ष से तीन लोगों को किया गिरफ्तार

भदोही, 10 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पड़ोसियों में हुए खूनी संघर्ष और फायरिंग में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गईं। जबकि दूसरे को ईलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गईं और लॉइसेंसी रिवाल्वर को जब्त कर लिया गया है। तीन लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
भदोही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार औराई थाने के बनपुरवा जंगला गाँव में दो पड़ोसियों के बीच पुराना जमीनी विवाद था। जिसका मुकदमा दीवानी न्यायालय में चल रहा है। इसी जमीनी विवाद को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान फायरिंग में दो लोगों को गोली लगी है जिसमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भदोही पुलिस तक अधीक्षक के अनुसार आरोपित पक्ष की तरफ से लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की गई, जिसमें गोली लगने से घटनास्थल पर ही आशीष यादव (28) पुत्र फूलचंद यादव की मौत हो गई। आशीष के पीठ में गोली लगी उसकी उम्र तकरीबन 28 साल बताई गई है। जबकि अखिलेश यादव पुत्र उमाशंकर यादव के हाथ में गोली लगी है जिनको अस्पताल भेजा गया है। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
भदोही पुलिस अधीक्षक के अनुसार इस इस घटना में राजनाथ यादव को लाठी डंडे से चोट आई है। अखिलेश यादव एवं राजनाथ यादव खतरे से बाहर हैं। स्थानीय पुलिस द्वारा लाइसेंसी रिवाल्वर को जब्त करते हुए घटना से सम्बंधित तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। गाँव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भदोही पुलिस उच्च अधिकारियों के नेतृत्व में जस्ट टीम गठित कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभुनाथ शुक्ल
