पश्चिमी सिंहभूम, 10 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में मंगलवार को एक बार फिर नक्सलियों की हिंसक गतिविधि सामने आई है। जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरिलपोसी गांव के पास जंगल में नक्सलियों की ओर से पहले से लगाए गए आईईडी बम की चपेट में आकर दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब दोनों ग्रामीण जंगल में साल पत्ता और लकड़ी चुनने गए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगल में अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को जंगल से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की पुष्टि चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों की ओर से लगाए गए आईईडी विस्फोट में दो ग्रामीण घायल हुए हैं। घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल पर निर्भर हैं, लेकिन इस तरह की घटनाओं से उनमें भय का माहौल बन गया है। सारंडा क्षेत्र में पहले भी नक्सल गतिविधियों की घटनाएं सामने आती रही हैं।
सुरक्षा बलों की ओर से इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
