मुरादाबाद, 10 फरवरी (हि.स.)। होली पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद रेल मंडल से होकर 20 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। यह ट्रेनें दिल्ली, पंजाब व उत्तराखंड से पूर्वांचल के जिलों के बीच चलेंगी। मुरादाबाद मंडल के स्टेशनों पर ठहराव होने से यहां के यात्रियों को फायदा मिलेगा। सीनियर डीसीएम का कहना है कि होली पर लोगों को कंफर्म टिकट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

उत्तर रेलवे के सभी मंडल स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव बनाकर रेलवे बोर्ड को भेज चुके हैं। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलनी बाकी है। जल्द ही स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा सकती है। वर्तमान में सामान्य ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति बिगड़ चुकी है। मुरादाबाद से लखनऊ, वाराणसी, बिहार, पश्चिम बंगाल, पंजाब और दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहे हैं। श्रमजीवी, सद्भावना, राप्ती गंगा, अवध असम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में यही स्थिति हैं। इससे यात्रियों की चिंता बढ़ती जा रही है।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि स्पेशल ट्रेनों को चलाने के लिए जल्द ही घोषणा की जाएगी। होली पर लोगों को कंफर्म टिकट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
