कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को मण्डलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने किया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी बुनियादी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। कानपुर के औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि पनकी औद्योगिक क्षेत्र के लिए एसटीपी का आंगणन स्वीकृत हो चुका है और अन्य क्षेत्रों के आंगणन शीघ्र तैयार किए जाएंगे। दादानगर सब-स्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध होने के साथ ही स्थापना कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई।

फजलगंज क्षेत्र में सीवर लाइन के अवशेष कार्य के लिए नगर निगम द्वारा अतिरिक्त बजट की मांग की जा रही है। वहीं एलएमएल चौराहे से भौंती बाईपास तक ग्रीन बेल्ट विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रक्रिया में बताया गया, जिसे वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए।
रूमा औद्योगिक क्षेत्र की जल निकासी समस्या पर मण्डलायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए यूपीसीडा, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। दादानगर से विजय नगर मार्ग को मोटरेबल बनाने और पनकी अग्निशमन केंद्र के प्रशासनिक भवन निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
अंत में उद्यमी संगठनों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समाधान का भरोसा देने पर मण्डलायुक्त का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
