मुरादाबाद, 10 फरवरी (हि.स.)। निजी बस चालक और बस यूनियन से जुड़े कर्मचारियों पर अधिवक्ता को जान से मारने की नीयत से बस चढ़ाने की कोशिश, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने मंगलवार को बुध बाजार चौकी पहुंचकर हंगामा किया। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर अधिवक्ताओं को शांत कराया। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।

अधिवक्ता मोहम्मद मुस्तफा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह रोज की तरह भोजपुर बस स्टैंड पर कचहरी परिसर मुरादाबाद आने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान काशीपुर की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन बस चालक ने गति और तेज कर अधिवक्ता को टक्कर मारने की कोशिश की। समय रहते बच जाने से बड़ा हादसा टल गया। अधिवक्ता दूसरी बस से मुरादाबाद बस स्टैंड पहुंचे, जहां बस न रोकने को लेकर उन्होंने प्राइवेट बस यूनियन के अध्यक्ष पप्पी लाला से शिकायत की। आरोप है कि बस यूनियन अध्यक्ष ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि तुम्हारे लिए बस नहीं रुकेगी और आरटीओ को बुलाने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। अधिवक्ता का आरोप है कि विरोध करने पर वहां मौजूद करीब 20 लोगों ने बदतमीजी करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बस कर्मचारियों ने धमकी दी। घटना से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने गुरुवार को बुध बाजार चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।

दी बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के महासचिव कपिल गुप्ता ने बताया कि अधिवक्ता मुस्तफा के साथ प्राइवेट बस कर्मचारियों ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी है। इस संबंध में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
