कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्थापना दिवस समारोह सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को वॉलीबॉल एवं रस्साकशी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता प्रारंभ करने का संदेश देकर किया।

इन खेल प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय परिसर स्थित विभिन्न विभागों के कुल 120 छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों के बाद शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यूआईटी विभाग की टीम को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा।

वहीं रस्साकशी प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फार्मेसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई दी गई तथा आयोजन को छात्रों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क विकसित करने वाला बताया गया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन सौरभ तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रभाकर पांडेय, डॉ निमिषा सिंह, अभिषेक मिश्रा, शुभम हजारिया एव धर्मेंद्र कुमार आदि शिक्षक-प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
