बांदा, 10 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 2026 के मतदान के बाद मंगलवार को देर रात चुनाव नतीजे घोषित कर दिए गए। घोषित नतीजे में प्रतिष्ठापूर्ण अध्यक्ष पद पर विमल कुमार सिंह और महासचिव पद पर राजेश कुमार त्रिपाठी सोनू निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव नतीजे में सबसे रोमांचक मुकाबला संयुक्त सचिव पद पर रहा, जिसमें सिर्फ तीन वोटो से जीत हासिल हो सकी।

अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ। कुल 1815 मतदाताओं में से 1408 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के लिए कुल 12 बूथ बनाए गए थे। मतदान के बाद मतगणना शुरू हुई रात को लगभग 10 बजे चुनाव नतीजे घोषित किए गए। घोषित किए गए नतीजों में अध्यक्ष पद पर विमल कुमार सिंह निर्वाचित हुए। उन्होंने 463 मत हासिल किया। जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी धनराज सिंह को 362 मत मिले। इस तरह से विमल कुमार सिंह ने 101 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

इसी तरह वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शिव विलास सोनी ने सर्वाधिक 894 मत हासिल किया। जबकि उनके निकटतम प्रतिबंध भूपेंद्र शुक्ला को 397 मत प्राप्त हुए। शिव विलास सोनी ने 495 मतों के अंतर से जीत हासिल की। इसी क्रम में कोषाध्यक्ष पद पर सुशील कुमार सिंह को 485 मत मिले जबकि राजेंद्र कुमार त्रिपाठी को 403 मत मिले।इसमें 82 मतों के अंतर से सुशील कुमार सिंह ने जीत हासिल की। इसी तरह महासचिव पद पर राजेश कुमार त्रिपाठी सोनू निर्वाचित घोषित किए गए उन्हें 691 मत हासिल हुए जबकि दूसरे नंबर पर रहे शिवदयाल प्रजापति को 616 मत मिले। राजेश कुमार त्रिपाठी ने 75 मतो के अंतर से जीत हासिल की। संयुक्त सचिव पद पर सबसे रोमांचक मुकाबला हुआ। कमलाकांत मिश्रा ने 626 मत हासिल किया जबकि दूसरे नंबर पर रहे राजेश कुमार गुप्ता को 623 मत मिले। इसमें केवल तीन मतों के अंतर से जीत हासिल हुई। इसी तरह कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निखिल सक्सेना 773 मत हासिल कर जीत हासिल करने में सफल रहे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 521 मत मिले। निखिल सक्सेना ने 252 मतों के अंतर से जीत हासिल की। निर्वाचित हुए प्रत्याशियों ने जीत के बाद रात में ही संकट मोचन मंदिर पहुंचे और हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। यह जानकारी एल्डर्स कमेटी के सदस्य राजा भैया द्विवेदी ने दी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
