मीरजापुर, 11 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के बसही स्थित डीबीएल प्लांट के सामने बुधवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रयागराज जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र के नथऊपुर सिकरो निवासी आनंद प्रसाद तिवारी (70) अपने दामाद अनिल मिश्र के यहां आए हुए थे। अनिल के छोटे भाई दिलीप मिश्रा (27) अपने बड़े भाई के ससुर आनंद प्रसाद के साथ मीरजापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार सुबह दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बसही गांव के सामने पीछे से आ रहे वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिलीप मिश्र अविवाहित और तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
