पानीपत, 11 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत स्थित शक्ति नगर में बुधवार सुबह जिंदल स्पिनिंग मिल में भयंकर आग लग गई। जिसमें करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई इस आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को आग की चपेट में ले लिया। जिसकी सूचना फैक्ट्री के वॉचमैन ने फैक्ट्री मालिक अश्वनी जिंदल को दी, उन्होने तुरंत आग की सूचना फायर ब्रिगेड व पुलिस को दी। आग की विकरालता के कारण फैक्ट्री का इलेक्ट्रिक सिस्टम जलने से फैक्ट्री का अपना फायर सिस्टम भी फेल हो गया, जिस कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका व फैक्ट्री से सटा रिहायशी इलाका होने के कारण आसपास के मकानों पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे।

फायर ऑफिसर अमित गोस्वामी ने बताया कि आग की विकरालता को देखते हुए उन्हें आग पर काबू पाने के लिए पानीपत की 12 गाड़ियों समेत समालखा, पानीपत थर्मल, एनएफएल, करनाल, घरौंडा से गाड़ियां मांगनी पड़ी तब जाकर छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री के डायरेक्ट सुरेन्द्र जिंदल ने बताया कि फैक्ट्री में बिजली की चिंगारी से आग लगने के कारण फैक्ट्री के गोदाम में रखा तैयार व कच्चा माल पूरी तरह जलकर राख हो चुका है, साथ ही फैक्ट्री की पूरी बिल्डिंग ध्वस्त हो चुकी है इसी के साथ कपड़े से रुई बनाने वाली दो मशीनों सहित इलेक्ट्रिक पेनल व 40 मोटरें भी जलकर खाक हो गईं, जिसमें करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
