जयपुर, 11 फ़रवरी (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं के विकास के साथ राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड से जुड़े युवा दृढ़ संकल्प और सकारात्मक मनोभाव के साथ समाज के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका निभाएं।

राज्यपाल बागडे राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने युवाओं से अधिकारों की अपेक्षा कर्तव्यों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्र, समाज और शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव ही सच्ची प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन सेवा और संकल्प की संस्कृति से जुड़ा हुआ है, जो युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक दायित्व का पाठ पढ़ाता है। राजस्थान को योद्धाओं की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां के लोगों में शौर्य, वीरता और साहस की परंपरा रही है। अनेक संघर्षों के बावजूद यहां मातृभूमि के लिए सर्वस्व अर्पण करने की भावना सदैव जीवित रही है।
राज्यपाल ने सेना में राजस्थान के युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी का जिक्र करते हुए स्काउट-गाइड से जुड़े युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने आपातकाल के दौरान स्काउट-गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका का भी स्मरण किया।
समारोह में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि वे स्वयं भी स्काउट संगठन से जुड़े रहे हैं। यह संगठन युवाओं को अनुशासन और प्रेरणा प्रदान करता है। विधायक दर्शन सिंह, वीरेंद्र सिंह और अखिल शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
स्काउट-गाइड के मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य ने राजस्थान में संगठन की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
इससे पूर्व राज्यपाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्काउट-गाइड सदस्यों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया। समारोह में स्काउट-गाइड द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ साहसिक कैंप से संबंधित गतिविधियों का भी आकर्षक प्रदर्शन किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
