मुंबई, 16 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने सोमवार को कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुलतान से करने वाले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को तत्काल माफी मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक सपकाल इस मुद्दे पर माफी नहीं मांगते, तब तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता बन सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बाचतीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से किए जाने से नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं । उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की चुप्पी रहस्यमय है। शिवाजी महाराज का अपमान होने के तीन दिन बाद भी उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के विरुद्ध कुछ नहीं बोला है।

उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे का विधान परिषद सदस्य का कार्यकाल जल्द ही खत्म हो रहा है। वे फिर से विधान परिषद सदस्य बनना चाहते हैं, इसके लिए कांग्रेस के विधायकों का समर्थन उन्हें चाहिए। इसी गणित की वजह से उद्धव ठाकरे इतने बड़े मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। बन ने कहा कि भाजपा हर्षवर्धन सपकाल की ओर से माफी न मांगने तक सपकाल का विरोध जारी रखेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
